रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में मिले युवक के अंधेकत्ल की गुत्थी रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में प्रेम प्रसंग के चलते की गई हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला, 2 नाबालिग समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मृतक नितेश बत्रा के साथ बेरहमी से मारपीट की और अधमरी हालत में उसे ग्राम भरेंगाभाठा के मुरूम गड्ढे में जिंदा दफना दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गला दबाने और श्वास नली में मिट्टी भर जाने से उसकी मौत हुई। 21 मार्च 2026 को मुरूम गड्ढे में दबे शव की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का एक हाथ और पैर बाहर दिखाई दे रहा था। जांच के दौरान कपड़ों और टैटू के आधार पर मृतक की पहचान थाना माना में दर्ज गुमशुदा नितेश बत्रा (29) के रूप में हुई। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी और आरोपी महिला सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध था। मृतक नितेश बत्रा महिला से मिलने आता था, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने साजिश रची। 16 मार्च की रात आरोपियों ने पहले नितेश के साथ मारपीट की, फिर उसे ऑटो में बैठाकर अलग-अलग जगह ले जाकर पीटा और अंत में गमछे से गला घोंटकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे मुरूम खदान में दफन कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमरेश मिश्रा और श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और अभनपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो विधि के साथ संघर्षरत बालक शामिल हैं। वहीं एक अन्य आरोपी माईकल सैनी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लकड़ी और अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ थाना अभनपुर में धारा 103(1), 238, 64(2)(क), 191(1)(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले में अभनपुर थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम की अहम भूमिका रही। Post Views: 20 Please Share With Your Friends Also Post navigation जंगल में बन रही थी शराब तभी पहुंच गई पुलिस 8 भट्टी 600 किलो महुआ रहन नष्ट किया पुलिस की ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई…