रायपुर। एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलने वाला है. बंगाल में बनी ट्रफ लाइन और दो सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव आया है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. मौसम में हो रहे लगातार बदलाव से एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है तो वहीं दूसरी तरफ जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में एक सिस्टम उत्तर-पूर्व विदर्भ और दूसरा ओडिशा के ऊपर सक्रिय है. इनके असर से प्रदेश के उत्तरी और मध्य भागों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं. अगले 48 घंटों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. खास तौर पर ग्रामीण इलाकों में किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. कपु और पेंड्रा रोड में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जहां 20-20 मिमी दर्ज की गई है. इसके अलावा पसान, कुनकुरी, तमनार, कोरबा और खड़गांव जैसे क्षेत्रों में भी 10 मिमी तक पानी गिरा है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है. वहीं सबसे ज्यादा तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतमन तापमान में कोई बदलाव नहीं दर्ज किया गया है. राजनांदगांव 37.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. वहीं, अंबिकापुर में तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. राजधानी रायपुर में मौसम तेवर तीखे रहेंगे. शहर के ऊपर बादल छाए रहने की उम्मीद है और शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं. रायपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. साथ ही शहर में धूल भरी आंधी चलने की भी आंशका है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा और बारिश-अंधड़ का दौर जारी रहेगा. हालांकि, इस सिस्टम के कमजोर पड़ती ही गर्मी का प्रभाव फिर से बढ़ेगा. दो दिनों के बाद प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जिससे एक बार फिर लू जैसी स्थिति बन सकती है. वहीं प्रदेश के अन्य शहरों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है. बिलासपुर में पारा 35 डिग्री, दुर्ग में 36.2 डिग्री और जगदलपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. वहीं पेंड्रा रोड में बारिश के चलते अधिकतम तापमान गिरकर 32.6 डिग्री पर आ गया है. Post Views: 21 Please Share With Your Friends Also Post navigation रायपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 22 निरीक्षकों के तबादले, कई थानों के बदले प्रभारी भाजपा रामगढ़ मण्डल के मोहनपुर बूथ में मनाया गया 47 वाँ स्थापना दिवस