सूरजपुर। स्कूली छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सूरजपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों का मुख्य उद्देश्य विदाई समारोहों और अन्य कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे जोखिम भरे कृत्यों पर प्रभावी रोक लगाना है।

जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि हाल के दिनों में समाचार माध्यमों के जरिए यह जानकारी सामने आई है कि कुछ विद्यालयों में विदाई समारोह अथवा अन्य आयोजनों के अवसर पर छात्र-छात्राएं चलती वाहनों से बाहर निकलकर स्टंट करना, दोपहिया वाहनों को तेज गति से चलाना तथा अन्य खतरनाक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं। शिक्षा विभाग ने इन गतिविधियों को अत्यंत चिंताजनक मानते हुए इसे बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किशोरावस्था में उत्साह, रोमांच और आकर्षण की भावना स्वाभाविक है, लेकिन इस प्रकार के जोखिमपूर्ण कृत्य किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ऐसी घटनाएं न केवल विद्यार्थियों के जीवन को खतरे में डालती हैं, बल्कि उनके भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।

विद्यार्थियों के जीवन एवं सुरक्षा की रक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्देश बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम 2005 की धारा 13 (1) के तहत जारी किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि यदि किसी विद्यालय में विदाई समारोह या अन्य कोई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, तो उसकी पूर्व सूचना विद्यालय प्रबंधन को देना अनिवार्य होगा। साथ ही कार्यक्रम के संचालन के लिए स्पष्ट प्रोटोकॉल तैयार किया जाएगा।

निर्देशों के अनुसार, विद्यालय प्रबंधन यह सुनिश्चित करेगा कि सभी आयोजन गरिमामय, अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हों। किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों को जोखिमपूर्ण गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, अन्य अवसरों पर भी ऐसी घटनाओं की रोकथाम की जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी।

शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि किसी विद्यालय में इस प्रकार की घटना घटित होती है, तो संबंधित संस्थान से जवाब-तलब किया जाएगा। आवश्यक होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यालयों में विशेष अभियान चलाने की भी योजना बनाई गई है। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!