नई दिल्ली। ईरान और इजराइल के बीच लंबे समय से जारी जंग में कल यानि गुरुवार को युद्धविराम के संकेत मिले हैं। युद्धविराम के संकेत मिलने के बाद फिलहाल इजराइल की ओर से कोई हमला नहीं किया गया है। हालांकि इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्ला पर हमले जारी रखने का संकल्प लिया है। बताया जा रहा है कि आज अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान की मेजबानी में अहम बैठक होने वाली है, लेकिन कहा ये भी जा रहा है कि बैठक में कुछ हल निकलने के आसार कम ही दिख रहे हैं। लेकिन दूसरी ओर इस युद्ध से दुनिया के कई देश प्रभावित हैं, क्योंकि ईरान ने कच्चे तेल की सप्लाई रोक दी है। हालात ऐसे हैं कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में खबर आ रही है कि नेपाल ने एक बार फिर ईंधन के रेट में ताबड़तोड़ बढ़ोतरी की है।

पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस हुआ महंगा
मिली जानकारी के अनुसार नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन ने पेट्रोल पर 17 और डीजल में 25 रुपए प्रति लीटर बढ़ोतरी की है। वहीं, केरोसिन पर भी 25 रुपए की वृद्धि देखने को मिली है। जबकि रसोई गैस सीधे 100 रुपए महंगा हो गया है। कीमतें बढ़ने के बाद नई मूल्य सूची के तहत, काठमांडू घाटी (तीसरी श्रेणी) में पेट्रोल की कीमत अब 219 रुपए है, जबकि डीज़ल और केरोसिन की कीमत 207 रुपए है। वहीं, LPG गैस अब 2010 रुपए प्रति सिलेंडर है।

कच्चे तेल की कीमतें पहुंची आसमान तक
ईंधन और रसोई गैस के दाम बढ़ने को लेकर नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन ने कहा है कि यह मूल्य समायोजन इसलिए आवश्यक था क्योंकि पिछले कुछ महीनों से मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय पेट्रोलियम कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही थी। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सरकार द्वारा सीमा शुल्क और बुनियादी ढांचा विकास करों में 50 प्रतिशत की छूट दिए जाने के बावजूद, निगम को कीमतें बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि वह अपने नुकसान की भरपाई नहीं कर पा रहा था।

10.21 अरब रुपए का हो रहा नुकसान
NOC का दावा है कि इस मूल्य वृद्धि के बाद भी, उसे हर पखवाड़े लगभग 10.21 अरब रुपए का नुकसान होता रहेगा। निगम ने उपभोक्ताओं से ईंधन की खपत में किफायत बरतने का आग्रह किया है, और अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों में अचानक हुई वृद्धि से उत्पन्न कठिन परिस्थितियों का हवाला दिया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!