भाटापारा। छत्तीसगढ़ के भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने थाना भाटापारा ग्रामीण में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनकी 89 वर्षीय माता, जो पूरी तरह बिस्तर पर आश्रित हैं, के साथ रात के समय आरोपी दीपक टंडन ने दुष्कर्म किया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पूर्व में भी घर में घुसकर महिला के साथ गलत कृत्य कर चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 106/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 64(2)(ड) एवं 332 के तहत प्रकरण कायम किया और तत्काल जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक टंडन उर्फ चुटू (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम मोपका, थाना भाटापारा ग्रामीण, को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। मामले की विवेचना जारी है। यह घटना क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। Post Views: 43 Please Share With Your Friends Also Post navigation बलौदाबाजार में एसडीओ रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार…