बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। दिल्ली में प्रेमी की आत्महत्या की खबर सुनकर बिलासपुर में रह रही नाबालिग प्रेमिका ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। यह मामला बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतका 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी थी, जो मूल रूप से बैकुंठपुर जिले की रहने वाली थी। वह इन दिनों बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में स्थित अपनी बुआ के घर रह रही थी। सोमवार की सुबह उस समय यह दर्दनाक घटना हुई, जब घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। इसी दौरान किशोरी ने अपने कमरे में अपनी ही चुन्नी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि किशोरी का एक युवक से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले वह अपने प्रेमी के पास दिल्ली चली गई थी। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने उसकी तलाश की और किसी तरह उसे दिल्ली से वापस लेकर आए। घर लाने के बाद परिजनों ने उसे सीधे अपने गांव न ले जाकर बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में रहने वाली रिश्तेदार के घर पर रखा था, ताकि माहौल बदले और वह सामान्य जीवन की ओर लौट सके। इसी बीच रविवार को किशोरी के प्रेमी ने दिल्ली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना की जानकारी उसी दिन किशोरी को भी मिल गई थी। बताया जा रहा है कि यह खबर सुनने के बाद से ही वह बेहद गुमसुम और मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। उसने परिजनों से मरने जैसी बातें भी कही थीं, जिसे परिजनों ने गंभीरता से लेते हुए उसे समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने उसे पढ़ाई और परिवार पर ध्यान देने की सलाह दी और रातभर उस पर नजर भी रखी। सीएसपी कोतवाली गगन कुमार (आईपीएस) ने बताया कि सोमवार सुबह किशोरी ने परिजनों के साथ नाश्ता किया था। उस समय भी वह शांत और उदास दिखाई दे रही थी। परिजनों ने एक बार फिर उसे समझाइश दी। करीब 11 बजे, जब घर के लोग अपने कामों में व्यस्त हो गए, तभी किशोरी ने मौके का फायदा उठाकर अपने कमरे में फांसी लगा ली। कुछ समय बाद जब परिजन उसके कमरे की ओर गए तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर उन्होंने किशोरी को फंदे पर लटका पाया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं किशोरी पर किसी प्रकार का दबाव या मानसिक प्रताड़ना तो नहीं थी। Post Views: 39 Please Share With Your Friends Also Post navigation OYO होटल में चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा, चार कॉलगर्ल सहित पांच गिरफ्तार पुलिस में विभाग में बड़ा फेरबदल, 2 निरीक्षक समेत 69 पुलिसकर्मियों का तबादला