जशपुर। जशपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ स्कूली छात्र-छात्राओं को कक्षा में बाइबिल बांटी गयी। कमाल की बात ये है कि बाइबिल किसी और ने नहीं, बल्कि स्कूल के ही व्याख्याता ने बांटा। घटना के प्रकाश में आने के बाद विद्यालय प्रशासन ने संबंधित व्याख्याता के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए शो कॉज नोटिस जारी किया है। नोटिस में शिक्षक से एक दिवस के भीतर स्पष्टीकरण माँगा गया है। साथ ही, विद्यालय के प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को पत्र लिखकर आगे की कार्रवाई की अनुशंसा भी की है। प्राचार्य कार्यालय से जारी नोटिस के अनुसार, 10 फरवरी को विद्यालय के व्याख्याता दीपक तिग्गा निर्धारित समय से विलंब से स्कूल पहुँचे। आरोप है कि वे बिना प्राचार्य से भेंट किए सीधे कक्षा में चले गए और वहाँ उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच बाइबिल की छोटी किताबें बाँटनी शुरू कर दी। यह घटना तब चर्चा में आई जब कुछ छात्रों के अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन से इसकी शिकायत की मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तत्काल छात्रों के बैग की जाँच करवाई। जाँच के दौरान कुल 14 नग बाइबिल की पुस्तिकाएँ बरामद की गईं। बरामद सामग्री को विद्यालय प्रशासन ने अपने कब्जे में लेते हुए पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार की है। प्राचार्य द्वारा जारी नोटिस में शिक्षक से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि कक्षा में धार्मिक पुस्तकों का वितरण किस उद्देश्य से और किस अनुमति के तहत किया गया। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि शासकीय विद्यालयों में किसी भी प्रकार की धार्मिक गतिविधि या सामग्री का वितरण नियमों के अंतर्गत नियंत्रित होता है। शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, विद्यालय परिसर में शैक्षणिक गतिविधियों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार के धार्मिक प्रचार-प्रसार की अनुमति नहीं होती। ऐसे में यह मामला प्रशासनिक और नियमगत दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्राचार्य ने अपने पत्र में जिला शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जाँच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं, स्थानीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएँ सामने आ रही हैं। कुछ अभिभावकों ने इसे अनुशासन और नियमों का उल्लंघन बताया है, जबकि कुछ लोगों ने जाँच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर न पहुँचने की बात कही है।उधर, संबंधित व्याख्याता दीपक तिग्गा की ओर से अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक का जवाब प्राप्त होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। Post Views: 34 Please Share With Your Friends Also Post navigation CG में डबल मर्डर, कोर्ट का बड़ा फैसला, नशे में पत्नी और सास की हत्या करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास की सजा…