गर्भवती महिला से अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टर ने की छेड़छाड़, आरोपी पर FIR दर्ज…

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक गर्भवती महिला ने डॉक्टर पर जांच के दौरान छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। घटना नेहरू नगर के डायग्नोस्टिक्स सेंटर की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार (16 अक्टूबर) को महिला अपने रूटीन अल्ट्रासाउंड के लिए सेंटर पहुंची थी। महिला का आरोप है कि डॉक्टर गिरीश वर्मा ने जांच के दौरान मशीन की आड़ में उसके प्राइवेट पार्ट को गलत तरीके से छूने की कोशिश की। जांच कक्ष में उस समय कोई नर्स या महिला स्टाफ मौजूद नहीं था।

जांच खत्म होने के बाद पीड़िता तुरंत बाहर निकली और पति को पूरी बात बताई। इसके बाद दोनों सुपेला थाना पहुंचे और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि डॉक्टर की हरकत से वह मानसिक रूप से अत्यंत आहत हुई है और उसे न्याय चाहिए।

डॉक्टर गिरीश वर्मा डायग्नोस्टिक और पैथोलॉजी लैब में कार्यरत हैं। भिलाई के नेहरू नगर चौक में चंदूलाल चंद्राकार हॉस्पिटल के पीछे इमाजेस लैब में उनका यह सेंटर स्थित है। दैनिक भास्कर ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

सुपेला पुलिस ने महिला की शिकायत पर डॉक्टर गिरीश वर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत से जुड़ी धाराओं के तहत FIR दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने जांच के लिए सेंटर के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए हैं।

दुर्ग पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल जांच भी कराई जा रही है। फिलहाल आरोपी डॉक्टर फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

शहर के मेडिकल संस्थानों में मरीजों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद से भिलाई के मेडिकल संस्थानों में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!