रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना परिसर में मंगलवार को डीजे पर पुलिस कार्रवाई को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस पर कार्रवाई रुकवाने का दबाव बनाया। पुलिस द्वारा नियम के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि थाना परिसर में तोड़फोड़ कर दी गई, जिसमें बैठक कक्ष में लगा सरकारी टीवी भी टूट गया। मिली जानकारी के मुताबिक, गुढ़ियारी थाना पुलिस क्षेत्र में निर्धारित समय-सीमा के बाद भी नियमों का उल्लंघन कर डीजे बजाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने तय समय के बाद डीजे बजाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की और उसे गाड़ी सहित थाने लेकर आई थी। इस कार्रवाई की खबर मिलते ही भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी अपने दर्जनों समर्थकों के साथ गुढ़ियारी थाने आ धमके। उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर आरोपी को छोड़ने और कार्रवाई को तुरंत रोकने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब पुलिस ने कानून का हवाला देते हुए कार्रवाई रोकने से साफ मना कर दिया, तो नेताजी और उनके समर्थक आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि समर्थकों और नेता ने थाना परिसर के भीतर ही हंगामा और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस हंगामे के दौरान थाने के बैठक कक्ष (मीटिंग रूम) में दीवार पर लगा टेलीविजन (TV) भी तोड़ दिया गया। थाने के भीतर सत्तापक्ष से जुड़े संगठन के पदाधिकारी द्वारा इस तरह की दबंगई और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। Post Views: 6 Please Share With Your Friends Also Post navigation छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 400 से अधिक कांस्टेबल अभ्यर्थियों को 3 महीने में मिलेगी जॉइनिंग मरीन ड्राइव पर सीएम साय की सादगी: मीरा के पसरे से खरीदा ‘आशीर्वाद का दीया’