एक ही परिवार की 6 किशोरियों की नदी में डूबकर हुई मौत, गांव में पसरा मातम

आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में 3 जून 2025 को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। सिकंदरा थाना क्षेत्र के नगला नाथू गांव के पास यमुना नदी में नहाने गई एक ही परिवार की 6 किशोरियों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ, जब गर्मी से राहत पाने के लिए ये किशोरियां नदी में नहाने गई थीं। बता दें कि हादसे से पहले किशोरियों ने यमुना नदी के किनारे एक रील बनाई थी, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

परिजनों के अनुसार, ये किशोरियां अक्सर नदी किनारे रील बनाती थीं। पुलिस को दो वीडियो क्लिप मिली हैं, जिनमें किशोरियां नहाती और मस्ती करती दिख रही हैं। नहाने के दौरान एक किशोरी गहरे पानी में चली गई, और उसे बचाने के प्रयास में बाकी पांच किशोरियां भी एक-एक कर डूब गईं। ग्रामीणों और गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन चार किशोरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

मृतक किशोरियों की पहचान मुस्कान 18 वर्ष, सगी बहन संध्या 15 वर्ष, दिव्या, चचेरी बहन नैना 13 वर्ष, मौसेरी बहन सोनम व सुहानी है। इस हादसे ने नगला नाथू गांव में कोहराम मचा दिया है। एक ही परिवार की छह बेटियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस को पहुंचने में दो घंटे लग गए, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। जिला प्रशासन ने मृतक परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!