रायपुर। छत्तीसगढ़ के पांच नगर पंचायत और पंचायत के उप चुनाव के लिए सोमवार 01 जून को मतदान होगा। इनमें से पांच नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर है। दोनों ही दलों के प्रमुख नेता चुनावी सभा और रोड शो में पार्टी को जिताने में पूरा जोर लगा चुके हैं जिससे माहौल गरमाया हुआ है। नगरीय निकाय के पार्षद के 71 पदों के लिए 221 प्रत्याशी लड़ रहे हैं। जबकि पांच अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस-भाजपा समेत कुल 19 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।

बम्हनीडीह नगर पंचायत में करीबी लड़ाई-

जांजगीर-चांपा जिले की नवगठित बम्हनीडीह नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के रूपेशकुमार डडसेना, और कांग्रेस के रामलाल सहारे के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव प्रचार की कमान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल संभाल रहे हैं। जबकि नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर चुके हैं। भाजपा प्रत्याशी रूपेशकुमार डडसेना के पक्ष में डिप्टी सीएम अरूण साव, मंत्री ओपी चौधरी और गुरू खुशवंत साहेब प्रचार के लिए आ चुके हैं। यहां दोनों के बीच नजदीकी मुकाबला है।

शिवनंदनपुर नगर पंचायत पर सबकी नजर-

दूसरी तरफ, सूरजपुर जिले की शिवनंदनपुर नगर पंचायत सीट हाईप्रोफाईल हो गया है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी, और भाजपा के रितेश जायसवाल के बीच मुकाबला है। पिछले दिनों पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कांग्रेस पदाधिकारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के मामले में अनशन पर बैठने की वजह से चर्चा में रहा है। यह भटगांव विधानसभा का हिस्सा है जिसका प्रतिनिधित्व महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े करती हैं। यहां मंत्री की भी प्रतिष्ठा दांव पर हैं। पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत तमाम प्रमुख कांग्रेस नेता यहां प्रचार कर चुके हैं। चुनावी मुकाबला काफी नजदीकी होने के आसार हैं।

सहसपुर लोहारा नगर पंचायत. डिप्टी सीएम के लिए साख का सवाल-

सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के रोशन वैष्णव और भाजपा की सरिता मिश्रा के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां निर्दलीय अजय यादव भी जोर लगा रहे हैं। सरिता के प्रचार के लिए दोनों डिप्टी सीएम अरूण साव व विजय शर्मा आ चुके हैं। सहसपुर लोहारा गृह मंत्री विजय शर्मा के विधानसभा क्षेत्र कवर्धा का हिस्सा है। लिहाजा, यहां उनकी प्रतिष्ठा भी दांव पर है। भाजपा प्रत्याशी सरिता मिश्रा के पति संतोष मिश्रा यहां अध्यक्ष रह चुके हैं। लिहाजा, उन्हें सहानुभूति का फायदा मिल सकता है।

घुमका नगर पंचायत में सीधा मुकाबला-

राजनांदगांव जिले के घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए फूलमति वर्मा और भाजपा की किरण वर्मा के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस प्रत्याशी फूलमति वर्मा यहां के सरपंच रह चुकी हैं, और भाजपा प्रत्याशी किरण को पहले हरा चुकी हैं। यहां भाजपा प्रत्याशी के लिए सरकार के मंत्री भी मेहनत कर रहे हैं। इससे परे फूलमति के चुनाव की कमान विधायक दलेश्वर साहू और विधायक हर्षिता बघेल संभाल रहे हैं।

इसी तरह बालोद के पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस के यानेश साहू और भाजपा के लखनलाल गुरूपंच के बीच मुकाबला है। डिप्टी सीएम अरूण साव व विजय शर्मा भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में सभा ले चुके हैं। कांग्रेस के लिए पूर्व सीएम भूपेश बघेल और दीपक बैज प्रचार कर चुके हैं।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!