भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार की दो नाबालिग बहनों समेत तीन मासूम बच्चियां अचानक लापता हो गईं। लापता स्कूली बच्चियों में रानी (उम्र 11 वर्ष), रजनी (उम्र 7 वर्ष) और इशिका (उम्र 12 वर्ष) शामिल हैं। तीनों बच्चियां 6 फरवरी को दोपहर करीब 4 बजे घर से बाहर निकली थीं, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों के अनुसार, तीनों स्कूली बच्चियां रोज की तरह घर के आसपास खेलने के लिए निकली थीं। शाम होने पर जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिवार वालों को चिंता हुई। पहले रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की गई, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने सुपेला थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गुमशुदगी की रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर ली है। बच्चियों के पिता ने बताया कि लापता होने से पहले किसी तरह का कोई विवाद या असामान्य बात सामने नहीं आई थी। उनका कहना है कि तीनों बच्चियां अचानक गायब हुई हैं, जिससे परिवार बेहद परेशान और डरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार पुलिस से बच्चियों को जल्द ढूंढ निकालने की गुहार लगा रहे हैं। मामले की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आसपास के घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चियां किस दिशा में गई थीं या किसी संदिग्ध व्यक्ति के साथ तो नहीं देखी गईं। इस घटना के बाद अर्जुन नगर सहित पूरे सुपेला इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर बच्चियों की तलाश में जुट गए हैं। मोहल्ले के लोग जगह-जगह पोस्टर लगाने और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने में सहयोग कर रहे हैं। Post Views: 16 Please Share With Your Friends Also Post navigation CG गैंगरेप: नौकरी दिलाने के नाम पर सात साल तक गैंगरेप, PWD कर्मचारी को यूपी से पुलिस ने किया गिरफ्तार…