संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन मानी जाने वाली इस परीक्षा में इस वर्ष कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न सेवाओं के लिए हुआ है। परिणाम घोषित होते ही देशभर में सफल अभ्यर्थियों के परिवारों और उनके क्षेत्रों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। इस वर्ष परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। मूल रूप से कोटा, राजस्थान के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री की इस उपलब्धि ने पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। वहीं इस परिणाम ने छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व का अवसर प्रदान किया है। धमतरी जिले के डायमंड सिंह ध्रुव और महासमुंद जिले के रहने वाले संजय डहरिया ने भी यूपीएससी क्रैक लिया है। डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वीं रैंक हासिल किया है, वहीं संजय डहरिया को 946वीं रैंक हासिल कर यूपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। संजय की यह उपलब्धि उनके लंबे संघर्ष, धैर्य और कड़ी मेहनत का परिणाम है। बताया जा रहा है कि संजय डहरिया पिछले कई वर्षों से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए थे। उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान कई कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन कभी हार नहीं मानी। राजधानी रायपुर स्थित नालंदा लाइब्रेरी रायपुर में घंटों बैठकर पढ़ाई करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था। लाइब्रेरी में बिताए गए लंबे समय और लगातार मेहनत ने अंततः उन्हें सफलता दिलाई। संजय डहरिया का यह तीसरा प्रयास था। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने अपने करियर में कई बड़े फैसले भी लिए। बताया जाता है कि यूपीएससी की तैयारी के दौरान उन्होंने चार अलग-अलग नौकरियों को छोड़ दिया ताकि पूरी तरह से अपनी पढ़ाई और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें। उनका यह निर्णय जोखिम भरा जरूर था, लेकिन अंततः उनकी मेहनत रंग लाई।संजय की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे महासमुंद जिले और छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। Post Views: 25 Please Share With Your Friends Also Post navigation UPSC CSE Final Result 2025: UPSC सिविल सेवा परीक्षा का फ़ाइनल रिजल्ट जारी, जानें इस बार किसने मारी बाजी