गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वैलेंटाइन वीक के दौरान एक प्रेमी-जोड़े ने आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। शादी में देरी से आहत होकर पहले युवती ने घर में फांसी लगाई, जिसके बाद युवक ने उसे नीचे उतारा और फिर खुद भी पास के एक पेड़ पर फंदे से झूल गया। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव की है।

जानकारी के अनुसार, अनीता सिंह (20) निवासी हमाली गांव और कृष्णा सिंह (18) निवासी अमलिहा गांव की मुलाकात करीब डेढ़-दो साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी। वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और रिश्ता गहरा हो गया। दोनों परिजनों की सहमति से पिछले कुछ महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि युवक की उम्र कम होने के कारण परिजन शादी के लिए कुछ समय रुकने की बात कह रहे थे। इसी बात से दोनों परेशान थे।

पहले युवती ने दी जान, फिर युवक ने उठाया कदम

बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी मिलते ही युवक ने उसे फंदे से नीचे उतारा और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर घर से निकलकर पास के नीलगिरी प्लॉट में करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। इस तरह कुछ ही घंटों के अंतराल में दोनों की मौत हो गई।

परिजनों ने क्या कहा

युवक की नानी मानवती ने बताया कि लड़के की उम्र कम होने के कारण शादी के लिए इंतजार करने को कहा गया था। दोनों शादी की जिद कर रहे थे और ज्यादा दिन रुकने को तैयार नहीं थे। युवक की बहन किरण ने बताया कि दोनों साथ रह रहे थे और शादी तय थी, लेकिन उम्र कम होने के कारण कुछ समय रुकने की बात कही गई थी।

पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!