बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। शादी से इनकार करने पर एक युवती ने अपने प्रेमी के घर पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी अंतर्गत बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शादी को लेकर था विवाद

जानकारी के अनुसार मल्हार क्षेत्र की एक युवती का ग्राम धनगवा निवासी राजू लहरिया (33) के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लंबे समय से अफेयर चल रहा था और वे अक्सर मिलते-जुलते थे। युवती शादी के लिए दबाव बना रही थी, जबकि युवक टालमटोल कर रहा था।

बताया जा रहा है कि 24 फरवरी को युवती अपने प्रेमी के घर पहुंची। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसके बाद जब युवती ने शादी की बात दोहराई तो युवक ने साफ इनकार कर दिया। नाराज होकर युवती उसके घर पर ही रहने लगी। इसी बीच युवक घर छोड़कर चला गया और उसका मोबाइल भी बंद मिला।

रोशनदान से लटकी मिली लाश

26 फरवरी की रात युवती ने प्रेमी के माता-पिता के साथ खाना खाया और कमरे में सोने चली गई। अगली सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा। युवती कमरे के रोशनदान के एंगल से स्कार्फ के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। यह दृश्य देख परिजन स्तब्ध रह गए।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने की हत्या का केस दर्ज करने की मांग

युवती के परिजन और स्थानीय जनप्रतिनिधि चौकी पहुंचे और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। हालांकि प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

सरकंडा से गिरफ्तार हुआ आरोपी

घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे सरकंडा क्षेत्र से 1 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!