बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बिना नंबर प्लेट या छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। अब ऐसे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को किसी भी पेट्रोल या डीजल पंप पर ईंधन नहीं दिया जाएगा। यह निर्देश एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर लागू किया गया है।

निर्देशों की अनदेखी पर कार्रवाई

पुलिस ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी वाहन की नंबर प्लेट गायब हो या उसमें नियमों के विपरीत बदलाव किया गया हो तो उसे पेट्रोल या डीजल न दें। साथ ही ऐसे संदिग्ध वाहनों की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479193099 पर देने को कहा गया है।

पुलिस के अनुसार हाल के दिनों में कई सड़क हादसों और आपराधिक घटनाओं में ऐसे वाहनों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी नंबर प्लेट गायब होती है या जानबूझकर छेड़छाड़ की जाती है। इससे वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है और आरोपी आसानी से बच निकलते हैं।

पंप संचालकों की होगी बैठक

पुलिस विभाग जल्द ही जिले के पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक भी बुलाएगा, जिसमें इस व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। फिलहाल सभी थाना, चौकी प्रभारी और पेट्रोलिंग टीम को पंप संचालकों तक यह निर्देश पहुंचाने के लिए कहा गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी निजी या सरकारी पेट्रोल पंप संचालक द्वारा इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए फ्यूल स्टेशनों की निगरानी की व्यवस्था भी की जा रही है।

क्राइम कंट्रोल करना उद्देश्य

एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि हाल के दिनों में कई बाइक सवार कैमरों से बचने के लिए नंबर प्लेट हटाकर घूम रहे हैं। साथ ही कई आपराधिक घटनाओं में भी बिना नंबर वाले वाहनों का इस्तेमाल सामने आया है। ऐसे वाहनों पर नियंत्रण और अपराध रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!