सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पंचायत स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं का एक गंभीर मामला सामने आया है। जिले के कोंटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कामाराम में शासकीय राशि के गबन की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव मोहम्मद हाफिज खान को गिरफ्तार कर लिया है।

यह मामला तब उजागर हुआ जब ग्राम पंचायत कामाराम की आवेदिका उड़के माड़े सहित 19 अन्य ग्रामीणों ने पंचायत में हो रही वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर लिखित शिकायत जिला प्रशासन को सौंपी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि पंचायत में विकास कार्यों और अन्य योजनाओं के लिए स्वीकृत शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ ने मामले की जांच के आदेश दिए।

जांच प्रतिवेदन में यह स्पष्ट हुआ कि पंचायत सचिव द्वारा कुल 3 लाख 23 हजार 760 रुपये की शासकीय राशि का गबन किया गया है। जांच में वित्तीय अनियमितताओं और राशि के दुरुपयोग के पर्याप्त प्रमाण पाए गए। इसके बाद जिला पंचायत सीईओ ने तत्काल प्रभाव से संबंधित पंचायत सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष देखा जा रहा है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी और जांच की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई नहीं होती तो शासकीय योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाता। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि प्रशासन भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख अपनाए हुए है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!