कोरबा : कोरबा के वनांचल क्षेत्र पसान के सूनसान इलाके में एक आल्टो कार में आग लगने के बाद उसके चालक सीट पर बैठा शख्स जिंदा जल गया। मंगलवार की देर रात हुए इस घटना की जानकारी के बाद पुलिस जांच में जुट गयी है। घटना की हकीकत जानने के लिए पुलिस के साथ ही फारेंसिक की टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुट गयी है। कार का रजिस्ट्रशन नंबर नही होने के कारण मृतक शख्स की पहचान नही हो सकी है। प्रथम दृष्टया पूरा मामला युवक की हत्या के बाद कार में आग लगाने का प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला पसान थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर वनांचल क्षेत्र पसान स्थित है। मंगलवार की देर रात इसी मार्ग पर कारीमाठी मोड़ के पास एक आल्टो कार में अचानक आग लग गयी। सुबह के वक्त जब ग्रामीणों ने कार के पास जाकर देखा, तो कार के अंदर का हिस्सा पूरी तरह से जल गया था। वहीं कार के चालक सीट पर पूरी तरह से जले हुए एक शख्स की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी।

जिसके बाद पसान थाना प्रभारी एस के विश्कर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की प्राथमिक जांच में कार का नंबर प्लेट भी मौके पर नही मिल सका है। जिससे कि कार के पंजीयन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की जा सके। इस घटना को लेकर ग्रामीण जहां सड़क हादसे के बाद कार में आग लगने की आशंका जता रहे है। वहीं पुलिस इसे हादसा के साथ हत्या के एंगल में जांच कर रही है।

हत्या के बाद कार में आग लगाने की आशंका

घटनास्थल पर जिस तरह से कार जली हालत में मिली है, उससे पहले तो इसे सड़क दुर्घटना के बाद कार में आग लगने की आशंका जतायी जा रही थी। लेकिन घटनास्थल पर बारीकी से देखा जाये तो कार के सामने के हिस्से के साथ ही पिछले और साइड के हिस्से में कही भी कोई डेंट नजर नही आ रहा है। इससे कार के पेड़ से टकराने की बात सीरे से खारिज होती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यहीं है कि यदि कार पेड़ से टकराई ही नही तो फिर कार में आग लगी कैसे ?

दूसरा सबसे बड़ा सवाल है कि यदि एक्सीडेंट के बाद कार में आग लगती तो सबसे पहले सामने के हिस्से में आग लगती। लेकिन घटनास्थल पर पड़ी कार के अंदरूनी हिस्से के साथ ही चारो टायर पूरी तरह से जल गये है। मानों किसी ने जानबूझकर कार को पूरी तरह से जलाने के लिए योजनागत तरीके से ज्वलनशील पदार्थ डालकर कार के चारो टायर और कार के अंदरूनी हिस्से में आग लगायी हो, ताकि घटना का काई भी साक्ष्य पुलिस के हाथ न लग सके।

पुलिस हर एंगल में कर रही है जांच…..!

पसान थाना क्षेत्र में हुए इस घटना की जानकारी के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पुलिस की टीम घटना को हर एक एंगल में जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी कार के जलने और युवक की मौत का कारण कोई हादसा है या फिर प्लानिंग के साथ की गयी हत्या ? इस गुत्थी को सुलझाने के लिए फारेंसिक साइंस की टीम की भी मदद ले रही है। पुलिस की टीम आसपास के सीसीटीवी कैमरें भी खंगाल रही है, ताकि कार के मालिक और मृतक की पहचान की जा सके।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!