जांजगीर – चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में प्रकाश इंडस्ट्रीज के स्टील प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट हुआ है। 15 टन क्षमता वाली पुरानी फर्नेस में ब्लास्ट से 13 मजदूर 70 फीसदी से ज्यादा झुलस गए हैं। इनमें से 4 की हालत गंभीर है। 3 मजदूरों को रायपुर के नारायणा अस्पताल में ICU में रखा गया है। घटना चांपा थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार सभी मजदूर दूसरी शिफ्ट में काम कर रहे थे, तभी ब्लास्ट के दौरान गर्म लावा की चपेट में आ गए। हादसे में मजदूरों की चमड़ी तक उधड़ गई है। जांजगीर एसपी विवेक शुक्ला ने कहा कि ब्लास्ट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच की जा रही है।

दरअसल, शनिवार को करीब 4 बजे 15 टन के ओल्ड फर्नेस में डोलोमाइट स्टोन को पिघलाया जा रहा था। फर्नेस से पिघले हुए लावा को सेप देकर स्टील बनाया जाता है। ओल्ड फर्नेस में पहले से ही समस्या थी। साथ ही उसी फर्नेस में मेंटेनेंस का भी काम चल रहा था, तभी अचानक धमाका हो गया।

इस ब्लास्ट से मजदूर बुरी तरह से जख्मी हो गए। खौलते लावा की चपेट में आने से किसी के हाथ, तो किसी के पैर और शरीर के अन्य हिस्सों से चमड़ी तक उधड़ गई है। मजदूरों को ज्यादा जल जाने की वजह से बिलासपुर और रायपुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

हादसे के वक्त 7 मजदूर कर रहे थे काम

प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त अधिकारियों की मौजूदगी में मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान 7 फर्नेस के पास 7 मजदूर थे। बाकी लोग फर्नेस के आस-पास थे, जो डोलोमाइट स्टोन को पिघलाने के काम में लगे थे। काम के वक्त सभी लोग हेलमेट, लॉन्ग बूट और जैकेट पहने थे।

नारायणा अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि बर्न यूनिट में डॉक्टर्स की विशेष निगरानी में पेशेंट्स को रखा गया है। तीनों मरीज ICU में हैं। सभी का इलाज किया जा रहा है।

विधायक ने प्रकाश इंडस्ट्रीज पर उठाए सवाल

वहीं हादसे को लेकर स्थानीय विधायक व्यास कश्यप ने प्रकाश इंडस्ट्रीज की लापरवाही का नतीजा बताया है। साथ ही प्रकाश इंडस्ट्रीज पर जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी कंपनी पर सवाल उठाए हैं।

जांच के बाद घटनास्थल को सील कर दिया गया

वहीं SP विवेक शुक्ला ने बताया कि जांजगीर-चांपा के प्रकाश इंडस्ट्रीज में शनिवार शाम को फर्नेस में ब्लास्ट हुआ है। हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। जांच के लिए इंडस्ट्रियल सेफ्टी और टेक्निकल एक्सपर्ट्स की टीम बुलाई गई। जांच के बाद घटनास्थल को सील कर दिया गया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!