महासमुंद : महासमुंद जिले में ASI की मौत ने सवाल खड़े कर दिये हैं। बागबाहरा थाने में पदस्थ सहायक उप-निरीक्षक (ASI) दशरथी साहू ने कथित रूप से ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को उनका शव बागबाहरा स्थित महावीर कॉम्प्लेक्स में उनके किराए के कमरे से बरामद किया गया।

इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है। चर्चा है कि घटना से एक दिन पहले यानी सोमवार को ASI साहू की अपने थाना प्रभारी अजय सिन्हा से एक अहम क्राइम मीटिंग में अनुपस्थित रहने को लेकर कहासुनी हो गई थी। चर्चा है कि इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि गाली-गलौज तक की नौबत आ गई। बावजूद इसके, साहू ने उसी दिन ड्यूटी पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, जो यह दर्शाता है कि वे अपने कार्य के प्रति सजग थे।

मंगलवार की सुबह जब साहू ड्यूटी पर नहीं पहुंचे, तो एसडीओपी कार्यालय के कुछ कर्मियों ने उनकी खोजबीन शुरू की। उनके किराए के कमरे में पहुंचने पर उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया। तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर में ज़हर के अंश पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। फिलहाल कोमाखान थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या ASI साहू पर मानसिक दबाव था और यदि था, तो उसके पीछे की परिस्थितियाँ क्या थीं। उनके मोबाइल, डायरी और अन्य दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। सहकर्मी और स्थानीय लोग साहू को एक कर्तव्यनिष्ठ और शांत स्वभाव के अधिकारी के रूप में जानते थे। वहीं, कुछ सूत्रों का कहना है कि साहू पिछले कुछ समय से तनाव में थे, हालांकि इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!