बिलासपुर। रतनपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल के संचालक और संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी किया है। वहीं अस्पताल के बिना वैध पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) संचालित होने की बात भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार रतनपुर क्षेत्र की रहने वाली 50 वर्षीय कुमारी बाई साहू का इलाज मातृका नर्सिंग होम में चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन समय रहते उचित उपचार नहीं दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के डायरेक्टर और संबंधित चिकित्सक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अधिकारियों ने महिला के इलाज से जुड़े दस्तावेज, ऑपरेशन रिकॉर्ड और अन्य जरूरी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित नर्सिंग होम के पंजीयन को लेकर सवाल उठे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बिना वैध रजिस्ट्रेशन अस्पताल संचालन के मामले में भी नोटिस जारी किया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। महिला की मौत के कारणों, इलाज की प्रक्रिया और अस्पताल की वैधानिक स्थिति की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। Post Views: 14 Please Share With Your Friends Also Post navigation रेप के मामले में पुलिस की कार्रवाई, छात्रा ने लगाया स्कूल टीचर पर आरोप…