रायपुर। राजधानी रायपुर के भांटागांव इलाके में डॉग रेस्क्यू को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में रहने वाली गुरप्रीत कौर गिल ने लिखित शिकायत देकर डॉ. किरण घनश्याम आहूजा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार, डॉग रेस्क्यू के नाम पर पहुंची डॉ. आहूजा और उनके साथ आए लोगों ने गर्भवती गुरप्रीत के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि डॉ. किरण घनश्याम आहूजा ने अपनी संस्था का नाम लेकर दबाव बनाया और उनके एक पालतू कुत्ते को जबरन अपने साथ ले गईं। गुरप्रीत कौर गिल के मुताबिक, उनके पास दो पालतू पोमेरेनियन कुत्ते थे। घटना के दिन डॉ. आहूजा रेस्क्यू के नाम पर उनके घर पहुंचीं। आरोप है कि एक कुत्ते को उन्होंने खुद से मृत घोषित कर दिया और उसका इलाज नहीं होने दिया। गुरप्रीत का कहना है कि इस दौरान उचित इलाज न मिलने के कारण उनके एक कुत्ते की मौत हो गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। गुरप्रीत कौर गिल ने आरोप लगाया है कि पूरी घटना के दौरान उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जबकि वह गर्भवती हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बाद उन्होंने पुरानी बस्ती थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक उनकी रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गुरप्रीत की मांग है कि उनके पालतू कुत्ते को, जिसे वह चोरी कर ले जाने का आरोप लगा रही हैं, उन्हें वापस दिलाया जाए। साथ ही मारपीट, धमकी और मोबाइल छीनने के मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की जाए।

दूसरी ओर, मामले में डॉ. किरण घनश्याम आहूजा की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। डॉग रेस्क्यू के नाम पर की जाने वाली कार्रवाइयों और उनके तौर-तरीकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों की पुष्टि की जा सकेगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!