सूरजपुर। विश्रामपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता खुद अपने बेटे के खिलाफ चोरी की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच गया। यह मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई, क्योंकि आम तौर पर परिवार के भीतर होने वाले विवादों में ऐसी स्थिति कम ही देखने को मिलती है। मामले के अनुसार, कुमदा बस्ती निवासी रामविलास ने विश्रामपुर पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसके बेटे दिगंबर ने अपने साथी मुन्ना पैकरा के साथ मिलकर घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। शिकायत में रामविलास ने बताया कि आरोपी बेटे ने पहले घर का ताला तोड़ा और घर में रखा लगभग तीन क्विंटल धान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों पर एक मोटरसाइकिल चोरी करने का भी आरोप लगा। पिता की शिकायत सुनकर पुलिस भी पहले तो अचंभित रह गई, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। विश्रामपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां प्राथमिक जांच में घर से धान चोरी की पुष्टि हुई। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपियों ने जयनगर क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने उसी चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर अपने घर तक पहुंच बनाई। इसके बाद घर में ताला तोड़कर धान चोरी की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। यह खुलासा होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी। सूरजपुर पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के दौरान आरोपी दिगंबर के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की गई। इसमें यह सामने आया कि दिगंबर पहले से ही निगरानी बदमाश के रूप में चिन्हित है। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने उस पर नजर रखी और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के माध्यम से दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दिगंबर और उसके साथी मुन्ना पैकरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। Post Views: 36 Please Share With Your Friends Also Post navigation दामाद ने ससुराल में किया खूनी कांड, शादी समारोह में पत्नी का किया मर्डर, साली सहित दो महिला की हालत गंभीर…