रायपुर। वैलेंटाइन डे को लेकर रायपुर में बजरंग दल का रुख इस बार काफी सख्त नजर आ रहा है। मंगलवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तेलीबांधा स्थित बजरंगबली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान बजरंगियों ने शस्त्र पूजा भी की और संगठन के पदाधिकारियों ने वैलेंटाइन डे के खिलाफ अपने इरादे साफ शब्दों में जाहिर किए। बजरंग दल के नेताओं का कहना है कि 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों के खिलाफ है। उनका आरोप है कि यह दिन युवाओं को भटकाने और पश्चिमी संस्कृति को बढ़ावा देने का माध्यम बन गया है। इसी के विरोध में संगठन हर साल की तरह इस बार भी वैलेंटाइन डे के दिन ‘मातृ-पितृ दिवस’ मनाने की अपील कर रहा है। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बजरंगबली की पूजा कर संगठन की मजबूती और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। शस्त्र पूजा के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए यह संदेश दिया कि वे अपने विचारों और परंपराओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 14 फरवरी को शहर के पार्कों, कैफे या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर वैलेंटाइन डे मनाते हुए प्रेमी युगल पाए गए, तो संगठन इसका विरोध करेगा। उनका कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर अश्लीलता या खुले तौर पर प्रेम प्रदर्शन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि युवाओं को “संस्कारों की राह” पर लाना है। संगठन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों के बारे में समझाएं। बजरंग दल का मानना है कि माता-पिता के प्रति सम्मान और परिवार के साथ समय बिताना ही सच्चा उत्सव है। इसी सोच के तहत वे 14 फरवरी को मातृ-पितृ दिवस के रूप में मनाने की बात कर रहे हैं। वहीं, इस मुद्दे पर शहर में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग बजरंग दल के रुख का समर्थन कर रहे हैं और इसे भारतीय संस्कृति की रक्षा से जोड़ रहे हैं, जबकि कई युवा इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता में दखल मानते हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन हर साल की तरह इस बार भी 14 फरवरी को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। Post Views: 21 Please Share With Your Friends Also Post navigation IAS अंकित आनंद को राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण की भी जिम्मेदारी, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश छत्तीसगढ़ में बिजली 24% महंगी? उद्योगों ने दी बंद की चेतावनी