कुएं में गिरने से तेंदुए की मौत, जांच में जुटा वन विभाग… सुरजपूर। जिले के दूरस्थ क्षेत्र चांदनी बिहारपुर के ग्राम पंचायत महुली में खुले कुएं में गिरने से तेंदुए शावक की मौत हो गई। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। महुली क्षेत्र गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व एवं उससे लगे वन क्षेत्र के समीप स्थित है, यहाँ वन्य प्राणियों की आवाजाही लगी रहती है। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए का शावक रविवार रात भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर गांव की ओर भटककर आ गया था। इसी दौरान वह पहाड़पारा इलाके में पहुंच गया, जहां मुख्य मार्ग से लगभग 200 मीटर की दूरी पर खेत में मनरेगा योजना के तहत बना कुआं खुला हुआ था। अंधेरे के कारण तेंदुआ कुएं को देख नहीं सका और सीधे उसमें गिर गया। बताया जा रहा है कि कुआं काफी गहरा है और बाहर निकलने के लिए कोई सहारा मौजूद नहीं था। तेंदुआ घंटों तक भीतर फंसा रहा और लगातार संघर्ष करता रहा। अनुमान है कि करीब 12 से 15 घंटे के संघर्ष के बाद उसकी मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए, तो कुएं में किसी जानवर का शव पानी के ऊपर दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर तेंदुए के शावक की पुष्टि हुई। ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग बिहारपुर एवं गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और रस्सियों की सहायता से मृत तेंदुए के शव को कुएं से बाहर निकाला गया। बिहारपुर वन विभाग कार्यालय परिसर में डीएफओ डीपी साहू की उपस्थिति में तेंदुए का पोस्टमार्टम किया गया। वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में तेंदुए के शव का दाह संस्कार किया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए की उम्र लगभग दो वर्ष आंकी गई है। Post Views: 13 Please Share With Your Friends Also Post navigation शादीशुदा भाजपा नेता ने तलाकशुदा प्रेमिका को उतारा मौत के घाट, करना चाहता था शादी, लेकिन इस बात को लेकर ठन गई दोनों के बीच शराबी हेडमास्टर : “कभी-कभी थोड़ा पी लेते हैं” जांच टीम को देखकर हड़बड़ा गये सर जी, BEO ने जांच रिपोर्ट भेजी डीईओ को…