25 Km पीछा कर पकड़ा गया धान से लदा ट्रक, UP से छत्तीसगढ़ ला रहे थे 750 बोरी

अंबिकापुर:- तीन राज्यों की सीमा से लगे बलरामपुर जिले में पड़ोसी प्रांतों का धान रोकने प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार की रात प्रशासनिक टीम ने 25 किमी पीछा कर धान से भरे ट्रक को पकड़ा। चालक ट्रक में सात सौ बोरी से अधिक धान लोड कर उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए ला रहा था।

चालक से पूछताछ कर धान के अवैध परिवहन में संलिप्त अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा के नेतृत्व में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, जिसके अंतर्गत अवैध धान परिवहन, भंडारण में संलिप्त एवं कोचियों बिचौलियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

अनुविभाग वाड्रफनगर क्षेत्र अंतर्गत सोमवार रात्रि अवैध धान परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। बलरामपुर जिले के गिरवानी मार्ग के रास्ते उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर एक ट्रक में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा था। उक्त ट्रक में लगभग 750 बोरी धान लोड था जिसे बिना वैध दस्तावेजों के ले जाया जा रहा था।

मध्य रात्रि बैरियर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा जब संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीर निधि नंदेहा के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार वाड्रफनगर, तहसीलदार रघुनाथनगर, नायब तहसीलदार एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा रात में ही सघन सर्च अभियान प्रारंभ किया गया।

लगभग 25 किलोमीटर क्षेत्र में चलाए गए इस व्यापक सर्च अभियान के दौरान विभिन्न संभावित मार्गों, गांवों क्षेत्रों की गहन जांच की गई। लगातार प्रयासों के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस टीम को पेंडारी क्षेत्र में अवैध धान से भरे ट्रक को पकड़ लिया गया। जिसे वाड्रफनगर थाना को सुपुर्द कर दिया गया।

जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण पर शासन के निर्देशानुसार धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा किसानों के हितों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में बैरियरों पर सतर्कता बढ़ाई गई है और नियमित जांच की जा रही है। अनुविभागीय अधिकारी नंदेहा ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!