हाथियों का आतंक: फसलें चौपट, हाईवे पर 30 मिनट तक थमी रही यातायात

  • उदयपुर क्षेत्र में हाथी-मानव द्वंद्व गहराया, ग्रामीणों ने परसा कोल खदान पर उठाए सवाल
  • हर वर्ष होता है हाथी मानव द्वंद्व

उदयपुर। ग्राम फतेहपुर, हरिहरपुर और घाटबर्रा में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथियों का दल आए दिन गांवों और खेतों में प्रवेश कर फसलें नष्ट कर रहा है। वन विभाग की टीमें दिन-रात निगरानी कर रही हैं, लेकिन ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों गहराते जा रहे हैं।

हाईवे पर रुका यातायात

2 सितंबर को हाथियों का एक दल नेशनल हाईवे 130 पर साल्ही से तारा के बीच सड़क पार कर रहा था। करीब 30 मिनट तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान वाहन चालकों और यात्रियों को हाथियों के गुजरने का इंतजार करना पड़ा।

किसानों की फसलें बर्बाद

हाथियों ने अब तक आधा दर्जन से अधिक किसानों की धान और मक्का की फसल चौपट कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि दिन-रात खेतों की रखवाली करने के बावजूद हाथियों से बचाव आसान नहीं है।

वन विभाग की विशेष ड्यूटी

रात में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने विशेष ड्यूटी लगाई है। इस टीम में – वन परिक्षेत्राधिकारी कमलेश राय, वनरक्षक अमरनाथ राजवाड़े, विष्णु सिंह, समर्पण लकड़ा, वाहन चालक नरेंद्र राजवाड़े सहित हाथी मित्र दल के सदस्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन अलग-अलग टीमें बनाकर हाथियों की लोकेशन पर निगरानी रखी जा रही है।


हाथी-मानव द्वंद्व से मौतें भी

उदयपुर क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में हाथी-मानव द्वंद्व गहराता गया है। अब तक आधा दर्जन से अधिक लोग हाथियों के हमले का शिकार होकर अपनी जान गंवा चुके हैं। वन अमला लगातार जनहानि रोकने की कोशिश करता है, लेकिन ग्रामीणों की लापरवाही और सलाह की अनदेखी कई बार हादसों को जन्म देती है।

परसा कोल खदान पर ग्रामीणों का आक्रोश

विदित हो कि वर्तमान में हाथियों का आवागमन जिन स्थानों पर अधिक है, वह क्षेत्र परसा कोल खदान के हिस्से में आता है। साल्ही, हरिहरपुर और फतेहपुर के ग्रामीण वर्ष 2018 से खदान का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि फर्जी ग्राम सभा प्रस्ताव के आधार पर खदान संचालन किया जा रहा है। उनका कहना है कि खदान से न केवल पर्यावरणीय संकट गहराया है, बल्कि हाथियों का रिहायशी इलाकों की ओर रुख भी बढ़ा है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!