सूरजपुर। सूरजपुर जिले से एक गंभीर सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जयनगर थाना क्षेत्र के केनापारा इलाके में कृषि मंत्री के काफिले की पायलटिंग कर रही पुलिस वाहन ने एक स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब रामविचार नेताम के काफिले की पायलटिंग कर रही पुलिस वाहन तेज रफ्तार से गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की गति काफी अधिक थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रहे स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पायलटिंग वाहन की तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है। फुटेज के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा के नाम पर आम लोगों की जान जोखिम में नहीं डाली जानी चाहिए। हादसे के बाद पायलटिंग वाहन चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार पुलिस कर्मियों को वहीं छोड़कर चालक वाहन लेकर चला गया। इस बात को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल घायल का इलाज जारी है। Post Views: 34 Please Share With Your Friends Also Post navigation नई पेंशन व्यवस्था लागू: राज्य सरकार ने जारी की नई गाईडलाइन, कर्मचारियों को NPS या UPS चुनना अनिवार्य CGPSC भर्ती पर फिर बवाल! बायलर इंस्पेक्टर पद पर ‘ओवरएज’ चयन का आरोप, राज्यपाल तक पहुंची शिकायत