रायपुर। राजधानी रायपुर में मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 8 साल की बच्ची को सिग्नल से किडनैप कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने बच्ची को खाना खिलाने का झांसा देकर कार में बैठाया और VIP रोड ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 3 बजे गिरफ्तार कर लिया है।

सिग्नल पर भीख मांग रही थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता तेलीबांधा स्थित सिग्नल पर अन्य बच्चों के साथ वाहन चालकों से पैसे मांगकर गुजर-बसर करती थी। बुधवार रात करीब 9:30 बजे आरोपी नवीन (21) स्विफ्ट कार से वहां पहुंचा। उसने बच्ची और उसकी सहेली को खाना खिलाने का लालच दिया और दोनों को कार में बैठा लिया।

सहेली को भेजा, बच्ची के साथ किया दुष्कर्म
आरोपी कार को ललित महल की ओर ले गया। वहां सहेली को खाने का सामान लाने के बहाने उतार दिया और इसके बाद कार आगे ले जाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। देर रात तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

CCTV से पकड़ा गया आरोपी
सूचना मिलते ही ACCU और तेलीबांधा थाना पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। रातभर सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने आरोपी को सुबह तड़के गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।

POCSO समेत गंभीर धाराओं में केस
पुलिस ने सिलतरा निवासी आरोपी नवीन सोनी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और POCSO एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी ट्रेवल एजेंसी में ड्राइवर के तौर पर काम करता है। उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि दो हफ्ते पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 9 साल की बच्ची के साथ भी दुष्कर्म का मामला सामने आया था, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!