आरक्षक भर्ती परिणाम घोषित : बस्तर रेंज के 1,592 पदों पर युवाओं का हुआ चयन, 464 महिला अभ्यर्थी सफल जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन से प्राप्त स्वीकृति के अनुरूप पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा वर्ष 2023–24 के लिए आरक्षक संवर्ग के सीधी भर्ती हेतु जारी विज्ञापन (04 अक्टूबर 2023) के आधार पर बस्तर रेंज में आयोजित भर्ती प्रक्रिया अब पूर्ण हो गई है। विस्तृत चयन प्रक्रिया के बाद पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, जगदलपुर ने आज चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी कर दी। दो भर्ती समितियों के माध्यम से हुई संपूर्ण प्रक्रिया आरक्षक भर्ती प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी रूप देने के लिए बस्तर रेंज में दो समितियाँ गठित की गई थीं— भर्ती केन्द्र-1 (जगदलपुर) : जिले—सुकमा, बीजापुर, बस्तर व दंतेवाड़ासमिति अध्यक्ष: एसपी बस्तर, शलभ सिन्हा भर्ती केन्द्र-2 (कोंडागांव) : जिले—नारायणपुर, कोंडागांव व कांकेरसमिति अध्यक्ष: एसपी कोंडागांव, पंकज चन्द्रा इन समितियों ने अपने-अपने जिलों के लिए संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया का संचालन किया। शारीरिक परीक्षा और दस्तावेज़ सत्यापन प्रथम चरण के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ों का सत्यापन, शारीरिक माप-तौल तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा 16 नवंबर 2024 से 18 जनवरी 2025 तक आयोजित हुई। केन्द्र-1 की परीक्षाएँ 05वीं वाहिनी छसबल, कंगोली (जगदलपुर) में केन्द्र-2 की परीक्षाएँ पुलिस लाइन कोंडागांव में संपन्न हुईं। लिखित परीक्षा व ट्रेड टेस्ट प्रथम चरण में योग्य घोषित अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा 14 सितंबर 2025 को किया गया।इसके अतिरिक्त—आरक्षक (चालक) एवं आरक्षक (ट्रेड) संवर्ग का ट्रेड टेस्ट 17–19 नवंबर 2025 के बीच आयोजित किया गया। 1592 पदों पर चयन, महिला उम्मीदवारों ने दिखायी दमदार उपस्थिति चयनित अभ्यर्थियों की सूची अनुमोदित होने के बाद आज जारी की गई। बस्तर रेंज के सातों जिलों में कुल 1,592 पदों पर चयन किया गया है। जिलेवार पद निम्नानुसार हैं— नारायणपुर – 470 बीजापुर – 337 बस्तर – 334 सुकमा – 128 कांकेर – 125 कोंडागांव – 103 दंतेवाड़ा – 55 इस संपूर्ण प्रक्रिया में 464 महिला अभ्यर्थियों ने सफलता अर्जित की है। यह बस्तर रेंज में महिला भागीदारी को सुदृढ़ करने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए 91 ट्रेड अभ्यर्थी चयनित आरक्षक मोटर वाहन चालक एवं अन्य ट्रेड आरक्षक पदों के लिए बस्तर रेंज के विभिन्न जिलों से कुल 91 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इससे पुलिस बल की तकनीकी दक्षता, परिचालन क्षमता और गतिशीलता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। IG बस्तर ने भर्ती प्रक्रिया को बताया जन-केंद्रित व्यवस्था का सशक्त कदम पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पट्टीलिंगम ने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस मुख्यालय की जन-केंद्रित बुनियादी पुलिसिंग की प्राथमिकताओं को मजबूत करेगी।उन्होंने कहा—“नव-नियुक्त आरक्षक बस्तर के सातों जिलों में जन-सेवा आधारित पेशेवर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और जनता के प्रति पुलिस की जवाबदेही में उल्लेखनीय सुधार होगा।” Post Views: 99 Please Share With Your Friends Also Post navigation CG: जंगल में फंदे पर लटका मिला आरक्षक का शव, कई दिनों से था लापता CG: 12वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, परीक्षा में पेपर खराब होने पर थी परेशान