CG: 73 साल बाद राष्ट्रपति का दौरा, द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के लिए जुटा प्रशासन, इस दिन होगा आगमन
सरगुजा :- देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को सरगुजा आ रही हैं. राष्ट्रपति राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगी. राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपनी ओर से तैयारियां शुरू कर दी है. राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर गांधी स्टेडियम मैदान में उतरेगा जबकि कार्यक्रम शहर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित होगा. इस दौरान राष्ट्रपति लगभग एक घंटे तक सरगुजा में रुकेंगी और जनजातीय समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी.
अपर कलेक्टर हैं नोडल अधिकारी : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हेलीकॉप्टर गांधी स्टेडियम ग्राउंड में उतरेगा और उसके बाद वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में शामिल होंगी. राष्ट्रपति के आगमन के लिए जिला प्रशासन ने अपर कलेक्टर सुनील नायक को नोडल अधिकारी बनाया है, जबकि सीईओ जिला पंचायत विनय अग्रवाल और एसी ट्राइबल को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है.
किन कार्यक्रमों में राष्ट्रपति करेंगी शिरकत : इस विषय पर अपर कलेक्टर सुनील नायक ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लगभग एक घंटे तक सरगुजा में रहेंगी. इस दौरान वो राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस के समारोह में शामिल होंगी. इस दिन पीजी कॉलेज मैदान में गौरव दिवस के अवसर पर जनजातीय समूह के लोक नायक, जननायक के साथ ही उनके परिवारजन का सम्मान समारोह प्रस्तावित है. इसके साथ ही उत्तर क्षेत्रीय करम महोत्सव का समापन, शहीद वीर नारायण सिंह लोक महोत्सव के तहत नृत्य प्रतियोगिता का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.
सरगुजा आने वाली मुर्मू दूसरी राष्ट्रपति : आपको बता दें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सरगुजा आने वाली दूसरी राष्ट्रपति है. इसके पहले देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद अविभावित सरगुजा आ चुके है. देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद अपने मित्र तत्कालीन सरगुजा महाराज रामनुजशरण सिंहदेव से अंबिकापुर के रघुनाथ पैलेश में मिले और फिर सूरजपुर जिले के अंतर्गत आने वाले पंडोनगर भी गए थे. इस दौरान उनके लिए पंडोनगर में एक राष्ट्रपति भवन भी तैयार किया गया था. सरगुजा में रुकने के दौरान पूर्व राष्ट्रपति डॉ. प्रसाद ने पंडो और कोरवा समाज के लोगों को गोद लिया था. वहीं अब स्वयं आदिवासी समाज से आने वाली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सरगुजा आ रही है. ऐसे में आदिवासी समाज में खासा उत्साह है और 20 नवम्बर को लगभग एक लाख लोगों के सरगुजा आने की संभावना जताई जा रही है.