CG: बड़ी लापरवाही…सुबह 10 बजे तक PHC पर लटका मिला ताला, महिला ने कार में दिया बच्चे को जन्म
सूरजपुर:- स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति सजगता का दावा सूरजपुर जिले के दूरस्थ विकासखंड ओड़गी के लांजित स्थित शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गलत साबित हुआ। जहां रविवार सुबह लगभग दस बजे दर्द से कराह रही गर्भवती महिला को प्रसव कराने बाइक से लेकर पहुंचे ग्रामीण को अस्पताल में ताला लगा मिला। वहां से एक कार में ओड़गी ले जाते समय महिला ने नवजात को जन्म दे दिया।बाद में डॉक्टर के पहुंचने पर प्रसूता महिला व नवजात को अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित घटना की वीडियो ने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है।बता दें कि ओड़गी विकासखंड की ग्राम पंचायत लांजित के खाल पारा निवासी सुखलाल उरांव अपनी गर्भवती पत्नी संगीता को प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद रविवार सुबह बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लांजित पहुंचा। सुबह पौने दस बजे अस्पताल में ताला लगा मिला। वहां कोई स्टॉफ नहीं था। महिला दर्द से कराह रही थी।
कार में दिया बच्चे को जन्म
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बीएमओ ओड़गी और अधिकारियों को दी। ओड़गी बीएमओ डॉक्टर बंटी बैरागी के मुताबिक उन्होंने तत्काल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी लाने को कहा। इधर एक कार में बैठाकर गर्भवती महिला संगीता को ओड़गी ले जाया जा रहा था। उसी दौरान कार में ही महिला ने नवजात शिशु को जन्म दे दिया।
उसी दौरान लांजित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आयुर्वेदिक डॉक्टर आरके पटेल भी पहुंच गए। उन्होंने जच्चा बच्चा को अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया। जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ्य है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। वे मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे है।