CG: जेल में मौत या सुनियोजित हत्या? सुनील महानंद की संदिग्ध मौत पर बवाल, रायपुर जेल के सामने परिजन का धरना

रायपुर:- पॉक्सो एक्ट के आरोप में पिछले तीन महीनों से जेल में बंद सुनील महानंद की जेल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जेल प्रशासन इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि परिजन और समाज के लोग इसे हत्या करार दे रहे हैं. घटना के बाद परिजन जेल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और न्यायिक जांच, SIT जांच की मांग कर रहे हैं.

मौत के समय और सूचना पर उठे सवाल: परिजनों का आरोप है कि सुनील महानंद की मौत शाम करीब 6 बजे हो गई थी, लेकिन इसकी जानकारी परिवार को रात 12 बजे दी गई. इतना ही नहीं, परिजनों की मौजूदगी के बिना ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया, जिससे जेल प्रशासन की भूमिका पर गंभीर संदेह पैदा हो गया है.

आत्महत्या नहीं, प्रताड़ना के बाद हत्या का आरोप: परिजनों और समाज के लोगों का कहना है कि सुनील ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि जेल के भीतर उसके साथ लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की जा रही थी. लंबे समय से दबाव और परेशानियों के चलते वह मानसिक रूप से टूट चुका था, इसी कारण इस मौत को सुनियोजित हत्या बताया जा रहा है.

झूठे मामले में फंसाने का दावा: परिजनों का दावा है कि सुनील महानंद को जबरदस्ती पॉक्सो एक्ट के मामले में फंसाया गया. तीन अलग-अलग स्थानों पर कराए गए मेडिकल परीक्षणों में उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी. इसके बावजूद उसे लगातार परेशान किया गया. परिजनों का यह भी कहना है कि सुनील के खिलाफ पहले कभी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं रहा.

जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी: घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह से ही जेल परिसर के सामने धरना शुरू हो गया. परिजन और समाज के लोग जेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग पर परिजन अड़े हैं. जेल परिसर के बाहर धरना प्रदर्शन के चलते माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है.

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!