CG: शादी से लौट रही यात्री बस गड्ढे में पलटी, बस में 50-60 यात्री थे सवार, मौके पर मची चीख पुकार

जशपुर :- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बुधवार रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बगीचा थाना क्षेत्र के खैरापाठ मोड़ के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात लगभग 10 बजे की है। जशपुर से मरंगी की ओर चलने वाली यात्री बस “चांदनी” शादी समारोह से लौट रहे यात्रियों को लेकर जा रही थी।

जैसे ही बस खैरापाठ मोड़ के पास पहुंची, अचानक तेज रफ्तार के कारण चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते बस सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरी और पलट गई। हादसे के समय बस में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी सवार थे। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस पलटते ही यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि बस चालक नशे की हालत में था और लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से पहले बस काफी तेज गति में थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बगीचा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और यात्रियों की जान जोखिम में डालने का मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही बस की फिटनेस, परमिट और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!