CG : प्राचार्य पर महिला व्याख्याता व महिला कर्मचारी ने लगाया यौन शोषण का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार, विभागीय कार्रवाई भी शुरू

जशपुर : महिला व्याख्याता व महिला कर्मचारी ने प्राचार्य पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। प्राचार्य के खिलाफ इस मामले में दो FIR दर्ज हुए हैं। आरोपी व्यख्याता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं विभाग की तरफ से प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव भेजा जा रहा है, जबकि आरोपी प्राचार्य के खिलाफ विभागीय जांच भी होगी। मामला जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिमड़ा का है।

यहां कार्यरत महिला व्याख्याता और एक अन्य महिला कर्मचारी ने विद्यालय के प्राचार्य सुधीर बरला पर यौन उत्पीड़न और अश्लील व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़िताओं ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि प्राचार्य लंबे समय से फोन पर अश्लील बातें करता था और स्कूल परिसर में भी छेड़छाड़ करता रहा। जब स्थिति असहनीय हो गई, तब महिला व्याख्याता और महिला कर्मचारी ने साहस जुटाकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

बताया जा रहा है कि 15 अगस्त के दिन भी महिला कर्मचारी के साथ छेड़खानी प्राचार्य ने की थी। जब महिला कर्मचारी ने इसका विरोध किया, तो प्राचार्य वहां से चले गये। बाद में ग्रामीणों ने पंचायत बुलायी, जिसके बाद शिकायत थाने में की गयी। हालांकि खबर ये अब ये आ रही है कि प्राचार्य को जमानत भी दे दी गयी है।

दो मामलों में दर्ज हुई एफआईआर

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राचार्य के खिलाफ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न की धाराओं में दो मामले दर्ज किए। पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की कि आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जमानत दे दी गयी है।

शिक्षा विभाग ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

मामले पर जशपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने कहा कि प्राचार्य पर लगे आरोप बेहद गंभीर हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि महिला शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

स्कूल में फैली सनसनी

घटना सामने आने के बाद बिमड़ा विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल जैसी पवित्र जगह में इस तरह का कृत्य शर्मनाक है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

बढ़ती घटनाओं पर चिंता

प्रदेश में हाल के दिनों में शैक्षणिक संस्थानों से इस तरह के मामलों की बढ़ती संख्या ने गंभीर चिंता पैदा कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े निगरानी तंत्र और शिकायत निवारण समितियों की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पीड़िताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और मामले की विस्तृत जांच चल रही है। यदि अन्य पीड़ित सामने आते हैं, तो उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा से समझौता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!