CG: गरबा कार्यक्रम में बवाल, विशेष समुदाय के युवकों की मौजूदगी पर VHP बजरंग दल का विरोध

दुर्ग भिलाई: नवरात्रि के अवसर पर आयोजित गरबा और डांडिया कार्यक्रम में सांस्कृतिक उत्सव के बीच विवाद की स्थिति बन गई. सिविल लाइन स्थित हॉकी मैदान में दुर्गा नवनिर्माण समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में शहरवासी पहुंचे. रंग-बिरंगी रोशनी और गरबा-डांडिया की धुनों के बीच लोग देर रात तक झूमते नजर आए. लेकिन इसी दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में मुस्लिम युवकों की मौजूदगी और फिल्मी गानों को लेकर विरोध जताया. देखते ही देखते आयोजकों और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस शुरू हो गई. मामला इतना बढ़ा कि समिति के संरक्षक और दुर्ग के पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल के साथ कथित तौर पर झूमाझटकी की स्थिति बन गई. हंगामे के बीच पुलिस मौके पर पहुंची.

कार्यक्रम के दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के जिला महामंत्री रामलोचन तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया. उन्होंने गरबा कार्यक्रम में विशेष समुदाय के युवकों की मौजूदगी को लेकर लव जिहाद की आशंका जाहिर की और आयोजकों से धार्मिक मर्यादा बनाए रखने और फिल्मी गानों से बचने की मांग की. रामलोचन तिवारी ने कहा कि नवरात्रि मां दुर्गा की उपासना का पर्व है और इसे केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने आयोजकों से कार्यक्रम की व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की अपील करते हुए महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया

विरोध के दौरान पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई. विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर झूमाझटकी भी हुई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर तनाव की स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक प्रदर्शनकारी वहां से जा चुके थे.

समिति के संरक्षक और पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल के मुताबिक, आयोजन का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित और पारिवारिक माहौल में गरबा-डांडिया का आनंद लेने का अवसर देना है. कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियों पर लोग देर रात तक झूमते रहे, लेकिन विरोध और हंगामे ने आयोजन को चर्चा में ला दिया. गरबा कार्यक्रम में हुए इस विवाद ने धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक परंपरा और सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है.

दुर्गा नवनिर्माण समिति की ओर से सिविल लाइन स्थित हॉकी मैदान में लगातार तीसरे वर्ष गरबा और डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में डॉ. हिमांशु द्विवेदी अपनी धर्मपत्नी के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. रुंगटा कॉलेज के डायरेक्टर संजय रुंगटा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे. समिति की ओर से डॉ. द्विवेदी का भव्य सम्मान किया गया. उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गरबा जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल दो दिनों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक आयोजित किए जाने चाहिए. उन्होंने लोगों से समिति के संरक्षक और पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल का सहयोग करने की अपील भी की.

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!