लखनपुर, 27 नवंबर 2024, रिपोर्ट: दिनेश बारी लखनपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम लटोरी में 15वें वित्त आयोग की राशि से सरपंच और सचिव द्वारा कराए जा रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नियमों की अनदेखी कर घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क जल्द ही खराब हो सकती है। ग्रामीणों का आरोप ग्रामीणों के अनुसार, सीसी सड़क निर्माण में बेस तैयार किए बिना जीरा और 20 एमएम की गिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। कहीं 2 इंच तो कहीं 4 इंच मोटाई में सड़क ढाली जा रही है, जो तकनीकी मानकों के विपरीत है। ग्रामीणों ने बताया कि एस्टीमेट के अनुसार निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह के निर्माण से सड़क कुछ ही समय में खराब हो जाएगी। 5 लाख रुपए की लागत, घटिया निर्माण ग्राम पंचायत के सरपंच सोभनाथ अगरिया और सचिव अरुण सोनवानी पर आरोप है कि लगभग 5 लाख रुपए की लागत से निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जांच का विषय बना नियमों का उल्लंघन ग्रामीणों का कहना है कि 15वें वित्त आयोग की राशि से निर्माण कार्य के लिए पहले सब इंजीनियर द्वारा एस्टीमेट तैयार कर उसे तकनीकी स्वीकृति (टीएस) दी जाती है। इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होना चाहिए। परंतु, यहां निर्माण के बाद बिना मूल्यांकन के जियो टैगिंग के जरिए राशि आहरित कर ली गई। एसडीओ ने दिया जांच का आश्वासन इस मामले में लखनपुर जनपद पंचायत के एसडीओ, प्रवेश राय ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की राशि से निर्माण कार्य से पहले एस्टीमेट तैयार कर टीएस लेना अनिवार्य है। लेकिन सरपंच और सचिव ने नियमों को नजरअंदाज कर बिना मूल्यांकन के ही राशि आहरित कर ली। उन्होंने कहा कि इंजीनियर के साथ मौके पर जांच की जाएगी और दोषियों पर उचित कार्रवाई होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की गहन जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और सड़क की गुणवत्ता में सुधार किया जाए। Post Views: 489 Please Share With Your Friends Also Post navigation चांदनी बिहारपुर में तेंदुआ का आतंक: बछड़े पर किया हमला, ग्रामीण दहशत में कांतिपुर में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ, राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत जागरूकता अभियान और सेवा कार्य होंगे आयोजित