लखनपुर / दिनेश बारी /06/102024 लखनपुर: घटोन गांव में सड़क न होने से ग्रामीणों को उठानी पड़ रही गंभीर परेशानी सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड में सड़क सुविधा का अभाव, शव को आठ किलोमीटर पैदल लेकर जाना पड़ा सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड में स्थित कई गांव आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में देखने को मिला, जिसमें ग्रामीण एक युवक के शव को बांस और रस्सी के सहारे आठ किलोमीटर पैदल सफर करके ले जा रहे हैं। सड़क न होने से ग्रामीणों को उठानी पड़ रही मुश्किलें लखनपुर क्षेत्र के ग्राम घटोन पटकुरा के निवासी यशपाल तिग्गा (18) का कुछ दिनों पहले स्वास्थ्य बिगड़ गया था, जिसे अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शव वाहन के माध्यम से यशपाल का शव ग्राम पटकुरा तक तो लाया गया, लेकिन घटोन गांव तक की खस्ताहाल सड़क के कारण वाहन वहां तक नहीं जा सका। परिणामस्वरूप, ग्रामीणों ने बांस और रस्सी की मदद से शव को कंधे पर उठाकर आठ किलोमीटर का दुर्गम सफर पैदल ही पूरा किया। यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की स्थिति सामने आई है। पूर्व में भी जब भूपेश बघेल की सरकार थी तब भी क्षेत्र में इसी तरह की समस्या देखने को मिली थी। सरकार बदलने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी की अब साय सरकार इनके समस्याओं को ध्यान देगी परंतु ग्रामीणों की यह समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है। सड़क के अभाव में गांव वालों को गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों को खाट पर लेकर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें गंभीर जोखिम का सामना करना पड़ता है। हाथी प्रभावित क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का अभाव घटोन गांव, जो ग्राम पटकुरा से आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, लगभग दो दर्जन से अधिक परिवारों का निवास स्थल है। इस क्षेत्र में हाथियों का भी प्रभाव है, जिससे ग्रामीणों को और अधिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को गर्भवती महिलाओं और बीमारों को गांव से बाहर ले जाने के लिए खतरों का सामना करना पड़ता है। वन क्षेत्र के कारण सड़क निर्माण में दिक्कतें लखनपुर जनपद के सीईओ वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि घटोन गांव वनांचल क्षेत्र में स्थित है, जहां केवल पगडंडी जैसी वन विभाग की सड़क है। इस कारण पंचायत या अन्य विभागों द्वारा यहां सड़क निर्माण संभव नहीं हो पा रहा है। विदित हो कि क्षेत्र के ग्रामीण वर्षों से सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। Post Views: 343 Please Share With Your Friends Also Post navigation गढ़वतिया धाम में सुविधाओं का अभाव: श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियां, प्राचीन मूर्तियां हो रही नष्ट वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के तहत चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन