इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और ई-पॉस मशीन की खराबी सहित 6 प्रमुख मांगों को लेकर राशन दुकानदारों ने की हड़ताल, हितग्राही परेशान लखनपुर/ दिनेश बारी 03/10/2024 सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र में शासकीय राशन दुकानदार एवं विक्रेता कल्याण संघ ने विभिन्न समस्याओं को लेकर 3 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर उन्होंने सरगुजा कलेक्टर के नाम एसडीएम बन सिंह नेताम को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि छत्तीसगढ़ राज्य के सभी राशन दुकानों में इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और ई-पॉस मशीन के कारण राशन वितरण में बाधाएं आ रही हैं। इन मशीनों की गुणवत्ता खराब होने से बार-बार मशीनें खराब हो रही हैं, जिससे वितरण में काफी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। विगत 5 महीनों से राशन वितरण में भारी अनियमितताएँ देखने को मिल रही हैं, जिससे भंडारण और वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई है। दुकानदार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं क्योंकि बारदाना राशि, मार्जिन राशि, ई-पॉस मशीन राशि, और वित्तीय पोषण राशि समय पर नहीं मिल रही है। इन समस्याओं और 6 अन्य प्रमुख मांगों को लेकर दुकानदारों ने गुरुवार को एसडीएम कार्यालय, लखनपुर के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इस हड़ताल के चलते राशन कार्डधारकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। Post Views: 508 Please Share With Your Friends Also Post navigation अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लखनपुर के अध्यक्ष बने श्री कांता पटेल, नगर मंत्री बने पलाश पाण्डेय लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने किया पोषण माह समापन कार्यक्रम में शिरकत, कुपोषण दूर करने पर जोर