अस्पताल में सनसनी: नवजात को छोड़कर मां हुई फरार, CCTV फुटेज में खुलासा…

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में एक महिला अपने नवजात को सुरक्षाकर्मी के हवाले कर बाथरूम जाने का बहाना बनाकर फरार हो गई। जब काफी देर बाद भी महिला वापस नहीं लौटी तो सुरक्षाकर्मी को शक हुआ और उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बच्ची को सुरक्षित रखते हुए एनआईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को दो महिलाएं एक बड़े बच्चे और नवजात को लेकर अस्पताल आईं। इनमें से एक महिला ने वार्ड का जायजा लेने के बाद गायनिक वार्ड के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी को बच्ची सौंप दी और कहा कि वह बाथरूम जा रही है। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर इंतजार करने के बाद जब महिला नहीं आई तो सुरक्षाकर्मी ने मामले की जानकारी चौकी पुलिस को दी।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस टीम हरकत में आई। CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें दोनों महिलाएं नवजात को छोड़कर अस्पताल से बाहर जाती हुई दिखाई दीं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश में जुट गई है और हर एंगल से जांच की जा रही है।

फिलहाल बच्ची को सुरक्षित एनआईसीयू में रखा गया है और डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है। वहीं महिला के फरार होने से अस्पताल परिसर और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग इस घटना को लेकर हैरान हैं और तरह-तरह की चर्चाएँ कर रहे हैं।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!