दानदाताओं को तिलक लगाकर विधायक ने किया सम्मानित, 7 एकड़ भूमि पर बनेगी गौशाला

लखनपुर / दिनेश बारी – 04/10/2024

अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र के उदयपुर विकासखंड स्थित ग्राम दावा में एनएच-130 मुख्य मार्ग पर 7 एकड़ शासकीय भूमि पर श्री श्याम गौशाला का निर्माण होगा। शुक्रवार, शारदीय नवरात्रि द्वितीया के पावन अवसर पर विधायक राजेश अग्रवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर गौशाला का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, दानदाताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

विधायक ने गौशाला में आर्थिक सहायता देने वाले दानदाताओं को तिलक लगाकर सम्मानित किया। इनमें अरविंद अग्रवाल (जय दुर्गा परिवार), सुनील अग्रवाल (जय अंबे परिवार), विशाल और अविनाश अग्रवाल (कैलाश मेडिकल), एवं स्वर्गीय चांदीराम अग्रवाल के परिवार से रवि, राकेश, नीरज, और राहुल अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन सभी ने गौशाला के शेड निर्माण के लिए धनराशि की घोषणा की।

विधायक की पहल से हो रहा गौशाला का निर्माण

विधायक राजेश अग्रवाल की पहल और हिंदू धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से इस गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। उदयपुर विकासखंड के ग्राम दावा में स्थित गौशाला पूर्व गौठान की भूमि पर विस्तारित की जा रही है, जिसके लिए सरपंच और सचिव द्वारा प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। विधायक के प्रयासों से इस भूमि का आवंटन किया गया।

विधायक राजेश अग्रवाल ने भूमि पूजन के अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि, “श्री श्याम गौशाला के संरक्षण और विकास के लिए सभी को आगे आना होगा। हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम आर्थिक और शारीरिक सहयोग से इस गौशाला की देखरेख में योगदान दें। मैं शासन से हर संभव मदद दिलाने का प्रयास करूंगा।”

गौशाला में सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं को आश्रय दिया जाएगा, और इनकी देखभाल जनसहयोग से की जाएगी। इस कार्यक्रम में सिद्धार्थ सिंह देव, शेखर सिंह देव, गौशाला अध्यक्ष देवनारायण यादव, उपाध्यक्ष विक्की गुप्ता, अमृत यादव, मनीष बंसल, रामप्रसाद गुप्ता, एवं अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!