डॉ सत्यजीत साहू / रायपुर सर्व समाज समन्वय महासभा ने ‘सामाजिक जीवन में अधिवक्ताओं की भूमिका’ पर किया विशेष कार्यक्रम का आयोजन रायपुर, छत्तीसगढ़, 10 नवंबर 2024। समाज में न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और न्याय के प्रति लोगों की आस्था को मजबूत करने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसी भावना को सम्मानित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ की सामाजिक संस्था सर्व समाज समन्वय महासभा द्वारा आज राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में सामाजिक जीवन में अधिवक्ताओं की भूमिका विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कानूनी क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले अधिवक्ताओं को ‘विधि रत्न’ सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री रूप नारायण सिन्हा, जो भाजपा सहयोग केंद्र प्रभारी हैं, ने अधिवक्ताओं के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा, “अधिवक्ता समाज के अभिन्न अंग हैं जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने का कार्य करते हैं। समाज में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिना अधिवक्ताओं के न्याय प्रणाली का सुचारु संचालन असंभव है।” उन्होंने समाज के प्रति अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया और कहा कि अधिवक्ता केवल अपने पेशेवर कर्तव्यों तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को न्याय प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधि सलाहकार श्रीमती नेहा गुप्ता ने न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सुलभ और सहज बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हम सभी को मिलकर इस बात पर कार्य करना चाहिए कि हर व्यक्ति को सुलभ और सरल न्याय मिले। न्यायिक व्यवस्था को सशक्त और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।” सर्व समाज समन्वय महासभा के प्रमुख डॉ. उदयभान सिंह चौहान ने स्वागत भाषण में कहा, “हमारी संस्था समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और उनके बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। अधिवक्ताओं का कार्य समाज में न्याय दिलाने का है, और उनका सम्मान करना हमारा दायित्व है।” कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री सच्चिदानंद उपासने, जो राष्ट्रीय लोकतंत्र सेनानी संघ के उपाध्यक्ष हैं, ने अधिवक्ताओं के सामाजिक और पारिवारिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “अधिवक्ताओं का जीवन कठिनाइयों से भरा होता है। वे पीड़ितों को न्याय दिलाने, लोगों की समस्याओं को दूर करने और उन्हें मुसीबतों से बचाने का कार्य करते हैं।” ज़िला अधिवक्ता संघ रायपुर के अध्यक्ष श्री हितेंद्र तिवारी ने इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “अधिवक्ता अपने पक्षकारों के लिए कड़ी मेहनत करता है, और माननीय न्यायालय न्याय करता है। अधिवक्ता सम्मान के लिए नहीं, बल्कि न्याय की सेवा के लिए कार्य करता है।” उन्होंने सर्व समाज समन्वय महासभा द्वारा आयोजित इस विशेष सम्मान समारोह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिवक्ता समुदाय की सराहना की। इस अवसर पर आयोजक मंडल के सदस्य के रूप में कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. सत्यजीत साहू (संस्थापक दोस्त और प्योर संस्था), डॉ. सी.एल. सोनवानी (आई. एन. ओ. संयोजक), के पी निषाद (छत्तीसगढ़ लोक हीतकारी संध के अध्यक्ष), आदित्य टंडन (छत्तीसगढ़ स्वाभिमान संस्था) और देव देवनारायण सिन्हा प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम में अधिवक्ता समाज से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और इस सम्मान समारोह का हिस्सा बने। कार्यक्रम के अंत में लगभग 60 अधिवक्ताओं को मेडल, प्रमाण पत्र, और वस्त्रसम्मान देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रमुख अधिवक्ताओं में अधिवक्ता किशोर ताम्रकार, के पी निषाद, भगवानू नायक, उमाकांत मिश्रा, विश्व वंदनी पांडे, स्मिता पांडे, शोभा सोनी, उर्वशी घोष, शिल्पी प्रधान, विनोद श्रॉफ, अंकुरदीप, विवेक तनवानी, सुनील सेन, दाऊलाल साहू, श्रद्धा जांगड़े, तापस घोष, देवेश शर्मा और पारस नायक आदि शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यजीत साहू ने किया और अंत में अधिवक्ता भगवानू नायक ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी उपस्थितजनों और अधिवक्ता समुदाय का धन्यवाद किया। Post Views: 246 Please Share With Your Friends Also Post navigation ट्रैक्टर के रोटावेटर में फंसकर नाबालिग की मौत 11 हाथियों का आतंक, दो मासूम बच्चों की कुचलकर दर्दनाक मौत